April 15, 2026

HULCHUL INDIA 24X7

बेबाक खबर तेज असर

प्रयागराज में गंगा पर बनेंगे दो नए सेतु

प्रयागराज के लिए अच्छी खबर है। गंगा पर दो और सेतु बनेंगे। करीब साढ़े 13 सौ करोड़ की लागत से इसका निर्माण होगा। सेतु निगम को इसके निर्माण की जिम्मेदारी दी गई है। निगम ने दोनों सेतु का सर्वे शुरू किया है।
सलोरी से हेतापट्टी को जोड़ने के लिए गंगा पर फोरलेन पुल का निर्माण होगा। तीन किमी लंबाई वाले इस पुल को शास्त्री ब्रिज की तर्ज पर बनाया जाएगा। इसके निर्माण में करीब आठ सौ करोड़ की लागत का अनुमान है। सेतु निगम ने पुल के निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर लिया है। एस्टीमेट भी जल्द शासन को भेजा जाएगा। सर्वे का कार्य शुरू किया जा चुका है।
वहीं सेतु निगम गंगा पर दूसरा पुल अरैल से छतनाग को जोड़ने के लिए बनाएगा।नैनी सेतु की तरह जर्मन पद्धति से इसका निर्माण एक्स्ट्रा डोज केबल स्टे सेतु की तरह होगा। इसमें बीम का इस्तेमाल न के बराबर होगा। यह भी हैगिंग पुल की तरह ही होगा। डेढ़ किमी लंबाई वाले इस सेतु का निर्माण करीब 550 करोड़ रुपये से होगा। एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है, इसका भी निगम ने सर्वे शुरू कर दिया है। परियोजना प्रबंधक सुभाष बागड़ी के अनुसार, गंगा पर अलग-अलग जगह दो सेतु बनाए जाएंगे। करीब साढ़े 13 सौ करोड़ से अधिक लागत वाले दोनों सेतु का एस्टीमेट शासन को जल्द भेजा जाएगा। दोनों जगह सर्वे शुरू किया गया है। उम्मीद है कि जल्द शासन से स्वीकृति मिल जाएगी।
गंगा पर दो सेतु बनने से ग्रामीण इलाकों के लोगों को आवागमन में सहूलियत होगी। एक स्थान से दूसरे स्थान पहुंचने में समय भी कम लगेगा। सेतु निगम के अधिकारियों के अनुसार, दोनों के निर्माण की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी। इस दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है।

About The Author

error: Content is protected !!