(रिपोर्ट: परमेंद्र) मेरठ। बहसूमा। रामराज क्षेत्र में बीते कुछ दिनों से लगातार पड़ रहे घने कोहरे और कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। सुबह से लेकर देर तक छाए रहने वाले कोहरे के कारण जहां दृश्यता बेहद कम हो गई है, वहीं ठंड के चलते आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। लोगों को दैनिक कार्यों के निपटारे में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
मोहम्मदपुर सकिश्त गांव के ग्रामीणों ने बताया कि अधिक कोहरा पड़ने और ठंड बढ़ने से खेतों व अन्य कामकाज में दिक्कतें आ रही हैं। सुबह के समय तो स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जब कोहरा इतना घना होता है कि सामने कुछ भी दिखाई नहीं देता। इससे सड़कों पर आवागमन प्रभावित हो रहा है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है। वाहन चालकों को भी बेहद सतर्क होकर चलना पड़ रहा है।

ठंड का सबसे ज्यादा असर बुजुर्गों और छोटे बच्चों पर देखने को मिल रहा है। ठंड के कारण कई लोगों को सांस लेने में परेशानी, खांसी, जुकाम और सीने में जकड़न की शिकायत हो रही है। चिकित्सकों का कहना है कि अधिक ठंड और कोहरे में नमी के कारण सांस संबंधी रोगों का खतरा बढ़ जाता है, जिससे विशेषकर वृद्ध और बच्चे अधिक प्रभावित होते हैं।ग्रामीणों ने बताया कि ठंड की वजह से सुबह-शाम घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। मजदूर वर्ग के लोगों को काम पर जाने में परेशानी हो रही है, जिससे उनकी रोजी-रोटी पर भी असर पड़ रहा है। वहीं छात्र-छात्राओं को स्कूल जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि कोहरे और ठंड को देखते हुए आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाए। साथ ही जरूरतमंद लोगों के लिए अलाव और अन्य राहत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि ठंड से कुछ राहत मिल सके। फिलहाल क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि मौसम में सुधार होने के बाद ही जनजीवन सामान्य हो पाएगा।




More Stories
मुजफ्फरनगर में बुर्कानशीं महिला ने चंद सेकेण्ड में साफ किया कीमती सूट
प्रो0 महादेव लाल श्रॉफ की जयंती पर राष्ट्रीय फार्मेसी शिक्षा दिवस/फार्मा अन्वेषण मनाया गया
हिरण्यकश्यप पर अभद्र टिप्पणी के विरोध में उपजिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन