June 24, 2026

HULCHUL INDIA 24X7

बेबाक खबर तेज असर

सोनू कश्यप हत्याकांड: पुलिस ने पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान को घर में जाने से रोका, बाहर ही परिजनों से की मुलाकात

मुजफ्फरनगर जनपद में सोनू कश्यप हत्याकांड को लेकर राजनीतिक हलचल लगातार तेज होती जा रही है। बुधवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान मृतक सोनू कश्यप के परिजनों से मिलने उनके आवास पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उन्हें घर के अंदर जाने से रोक दिया। इसके बाद डॉ. संजीव बालियान ने घर के बाहर ही मृतक के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री ने पीड़ित परिवार को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।

उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में वे परिवार के साथ खड़े हैं और हर संभव मदद के लिए प्रयास करेंगे। डॉ. संजीव बालियान ने सोनू कश्यप हत्याकांड की निष्पक्ष और त्वरित जांच की मांग करते हुए कहा कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मामले में सख्त कार्रवाई करने की अपील की। गौरतलब है कि बीते 5 जनवरी 2025 को मेरठ जनपद के थाना सरधना क्षेत्र के गांव ज्वालागढ़ में मुजफ्फरनगर के मोहल्ला आबकारी निवासी 28 वर्षीय सोनू कश्यप की लूट के बाद बेरहमी से हत्या कर दी गई थी।

आरोप है कि हत्या के बाद शव को जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश की गई, जिससे यह मामला और भी गंभीर हो गया। घटना के बाद से ही पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लगा रहा है। इस हत्याकांड को लेकर इससे पहले मंगलवार को भीम आर्मी प्रमुख और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद भी सोनू कश्यप के परिजनों से मिलने मुजफ्फरनगर पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें भी घर तक जाने की अनुमति नहीं दी थी।

लगातार नेताओं को रोके जाने को लेकर विपक्षी दलों ने सवाल उठाए हैं। फिलहाल सोनू कश्यप हत्याकांड को लेकर जनपद में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। लोग निष्पक्ष जांच और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं, जबकि प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

About The Author

error: Content is protected !!