March 15, 2026

HULCHUL INDIA 24X7

बेबाक खबर तेज असर

पीड़ित के आंसू पोंछने पहुंचे जनप्रतिनिधि, रास्तों में रोकी जा रही आवाज़ें: अतुल प्रधान

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर में गुरुवार को मेरठ की सरधना विधानसभा सीट से विधायक अतुल प्रधान पहुंचे। वह मुजफ्फरनगर से सांसद हरेंद्र मलिक के आवास पर आए, जहां उन्होंने मेरठ में लूट के बाद जिंदा जलाकर हत्या किए गए सोनू कश्यप के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान अतुल प्रधान ने पीड़ित परिवार को एक लाख रुपये की नकद आर्थिक सहायता दी और भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से दो लाख रुपये की सहायता राशि शीघ्र ही चेक के माध्यम से दी जाएगी।

अतुल प्रधान ने इस मौके पर डबल इंजन की सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पीड़ित परिवार के घर के आसपास कड़ी पुलिस घेराबंदी है। रास्तों पर भारी फोर्स तैनात होने के कारण नेताओं को पीड़ितों तक पहुंचने से रोका जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पहले भी इस परिवार से मिल चुकी है और पार्टी मुखिया अखिलेश यादव ने इस मामले का संज्ञान लेते हुए तुरंत आर्थिक मदद की घोषणा की थी। एक-दो दिन में पार्टी का प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार को चेक सौंपेगा।

उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार की स्थिति बेहद दयनीय है। मृतक की एक बहन लगभग 40 वर्ष की है, परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा है और एक भाई गंभीर रूप से बीमार है। ऐसे में सरकार को आगे आकर मदद करनी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अतुल प्रधान ने स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप पर भी निशाना साधते हुए कहा कि मृतक उनके समाज से होने के बावजूद कोई सहायता नहीं दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे संवेदनशील समय में जन्मदिन मनाना पीड़ित परिवार की पीड़ा का मजाक उड़ाने जैसा है।वहीं सांसद हरेंद्र मलिक ने भी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अघोषित आपातकाल जैसे हालात हैं। अपराधियों के बजाय पीड़ितों के पास जाने वाले जनप्रतिनिधियों को रोका जा रहा है, जो लोकतंत्र के लिए बेहद चिंताजनक है।

About The Author

error: Content is protected !!