मुजफ्फरनगर। गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन में आयोजित परेड के दौरान रालोद महासचिव कृष्णपाल राठी और पुलिस अधिकारी के बीच हुई नोंकझोंक का मामला अब तूल पकड़ता नजर आ रहा है। इसी प्रकरण को लेकर मुजफ्फरनगर के कुकड़ा स्थित रालोद महासचिव कृष्णपाल राठी के आवास पर राष्ट्रीय लोक दल की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने घटना पर नाराजगी व्यक्त की।

बताया गया कि रालोद महासचिव कृष्णपाल राठी पुलिस विभाग द्वारा दिए गए आधिकारिक आमंत्रण पर ही 26 जनवरी को पुलिस लाइन पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान बैठने की व्यवस्था को लेकर अव्यवस्था सामने आई। राठी का कहना है कि उन्हें बैठने के लिए कोई उचित स्थान नहीं मिला, जबकि घुटनों में दर्द होने के कारण वह सोफे पर बैठ गए। इसी दौरान सीओ खतौली रामाशीष यादव मौके पर पहुंचे और सोफे पर बैठने को लेकर उनसे बहस हो गई।

कृष्णपाल राठी ने इस व्यवहार को अपना सार्वजनिक अपमान बताते हुए संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस जैसे गरिमामय अवसर पर इस तरह का व्यवहार न केवल अनुचित है, बल्कि जनप्रतिनिधियों के सम्मान के भी खिलाफ है। रालोद महासचिव का कहना है कि इस पूरे मामले को लेकर अब तक उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार द्वारा उनसे कोई संवाद नहीं किया गया है।

बैठक में कृष्णपाल राठी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पुलिस का रवैया इसी तरह रहा तो वे इस मुद्दे को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के समक्ष उठाएंगे और बड़े नेतृत्व के साथ मिलकर आगे की रणनीति तय की जाएगी। बैठक में राष्ट्रीय लोक दल के दर्जनों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे और सभी ने एक स्वर में मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।





More Stories
29 सितम्बर को शहर में निकाली जाएगी भव्य वार्षिक रथयात्रा, शामिल होंगे कई प्रसिद्ध बैंड बाजे, भजन मंडली, ढोल पार्टी, झाकियां, जगह-जगह होगा स्वागत
मुजफ्फरनगर के पुरकाजी क्षेत्र में खेत में मिला ग्राम प्रधान पुत्र का शव, पुलिस जांच में जुटी