सांस्कृतिक विविधता के रंगों से सजा वेदांता पब्लिक स्कूल, सरदार पटेल जयंती पर विद्यार्थियों ने दिया राष्ट्रीय एकता का संदेश
वेदांता पब्लिक स्कूल में भारत के लौह पुरुष एवं राष्ट्रीय एकता के शिल्पकार सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती बड़े ही हर्षोल्लास, श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में देश की सांस्कृतिक विविधता, एकता और अखंडता का अनुपम दृश्य देखने को मिला।

कार्यक्रम में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने भारत के विभिन्न राज्यों की पारंपरिक वेशभूषा धारण कर अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने विभिन्न राज्यों के लोकनृत्य, संगीत एवं सांस्कृतिक परंपराओं को बेहद सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया। रंग-बिरंगी वेशभूषा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से विद्यालय का प्रांगण लघु भारत के रूप में नजर आया। इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों ने देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और ‘अनेकता में एकता’ का संदेश दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक श्री सुशील सिंह आर्य ने विद्यार्थियों को सरदार वल्लभभाई पटेल के प्रेरणादायी जीवन एवं राष्ट्र के प्रति उनके अतुलनीय योगदान के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी अदम्य इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व से देशी रियासतों का एकीकरण कर भारत को एकता के सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्रप्रेम, समर्पण और एकता की प्रेरणादायी मिसाल है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री विवेक चौधरी ने भी विद्यार्थियों को सरदार पटेल के जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि भारत की स्वतंत्रता प्राप्ति से लेकर राष्ट्र के एकीकरण तक सरदार पटेल का योगदान अविस्मरणीय रहा है। उनके दृढ़ संकल्प, साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण से प्रत्येक विद्यार्थी को प्रेरणा लेनी चाहिए।
विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आपसी सद्भाव और देशभक्ति की भावना को विकसित करना था। विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता एवं आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि हमारी भाषाएँ, वेशभूषाएँ और संस्कृतियाँ भले ही अलग-अलग हों, लेकिन हमारी पहचान एक है—हम सब भारतीय हैं।




More Stories
रामपुर तिराहा पुल के चौड़ीकरण का मार्ग प्रशस्त मंत्री कपिल देव ने प्रमुख सचिव लोनिवि से वार्ता कर शीघ्र स्वीकृति के दिए निर्देश, 93 करोड़ रुपये की डीपीआर शासन को प्रेषित
एस.डी. कॉलेज ऑफ फार्मेसी में ’राष्ट्रीय एकता दिवस’ उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया
भाजपा ओबीसी मोर्चा जिला अध्यक्ष विजय वर्मा का युवा पंजाबी संगठन ने किया भव्य स्वागत