March 15, 2026

HULCHUL INDIA 24X7

बेबाक खबर तेज असर

पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने किया पालिका भवन के मुख्य प्रवेश द्वार का शिलान्यास

मुजफ्फरनगर। रिपोर्ट- औसाफ अहमद। नगरपालिका परिषद् शहर को विकास के सहारे नई पहचान देने का काम कर रही हैं, अब पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीनाक्षी स्वरूप ने पालिका भवन को नई पहचान दिलाने के लिए कदम बढ़ाया है। टाउनहाल का मुख्य प्रवेश द्वारा अब लोगों को देश के अमर शहीदों के बलिदान की कहानियां अपने आप में समेटने वाले इंडिया गेट की याद दिलाने का काम करेगा। पालिकाध्यक्ष ने इंडिया गेट के नक्शे के आधार पर पालिका के मुख्य प्रवेश द्वार का निर्माण कार्य कराने के लिए बुधवार को शिलान्यास किया। दो महीने में यह मुख्य द्वार बनकर तैयार होगा और टाउनहाल को नई पहचान मिलेगी। इसके साथ ही पालिका के दो अन्य द्वार के निर्माण कार्य की भी तैयारी की जा रही है।
नगरपालिका परिषद् कार्यालय टाउनहाल में प्रवेश करने के लिए मुख्य तौर पर तीन द्वार बने हैं, इनमें से एक द्वार जोकि नेताजी सुभाष चन्द्र की प्रतिमा के समक्ष चाट बाजार पर खुलता है, वह तो लगभग वर्ष भर ही बंद रहता है। जबकि मुख्य तौर पर टाउनहाल में प्रवेश के लिए झांसी की रानी और पीस लाइबे्ररी की ओर खुलने वाले द्वार का ही लोग प्रयोग करते हैं, लेकिन अब टाउनहाल को नई पहचान दिलाने के लिए सुभाष चन्द्र बोस की प्रतिमा वाले द्वार को मुख्य प्रवेश द्वार बनाने का काम किया जा रहा है।
बुधवार को नगरपालिका परिषद् की अध्यक्ष श्रीमती मीनाक्षी स्वरूप ने इस मुख्य प्रवेश द्वार के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। यहां पालिकाध्यक्ष के साथ पालिका ईओ हेमराज सिंह ने नारियल तोड़कर शिलान्यास किया। इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष श्रीमती मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि हमारा प्रयास शहर को बिना भेदभाव के विकास देना है। इसी कड़ी में हम टाउनहाल के मुख्य द्वार बनाने का काम भी कर रहे हैं ताकि टाउनहाल को एक आकर्षण दिया जा सके। आज टाउनहाल के एक द्वार का शिलान्यास किया गया है, भविष्य में इसी प्रकार दूसरे दो अन्य द्वारों का निर्माण भी कराया जायेगा। उन्होंने बताया कि इस मुख्य द्वार के निर्माण के लिए जो नक्शा स्वीकृत किया गया है, वो इंडिया गेट से मेल खाता है। इससे टाउनहाल परिसर का सौन्दर्यकरण भी होगा और पालिका कार्यालय का आकर्षण भी बढ़ेगा।
ईओ ने बताया कि राज्य वित्त के अन्तर्गत प्राप्त धनराशि से करीब 13 लाख रुपये की लागत इस मुख्य प्रवेश द्वार के निर्माण कार्य पर खर्च की जायेगी। उन्होंने बताया कि यह मुख्य द्वार करीब दो माह में बनकर तैयार होगा। शिलान्यास के दौरान मुख्य रूप से पालिकाध्यक्ष श्रीमती मीनाक्षी स्वरूप के साथ सभासद राजीव शर्मा, सभासद मनोज वर्मा, ईओ हेमराज सिंह, एई निर्माण अखंड प्रताप सिंह, जेई निर्माण कपिल कुमार, कार्यालय अधीक्षक ओमवीर सिंह व अन्य पालिका कर्मचारी मौजूद रहे।

About The Author

error: Content is protected !!