उत्तर प्रदेश बार काउंसिल सदस्य पद के चुनाव के तीसरे चरण का मतदान नजदीक आते ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 27 और 28 जनवरी को तीसरे चरण का मतदान प्रस्तावित है। इस चरण में मुजफ्फरनगर, मेरठ और मुरादाबाद सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 18 जनपदों में मतदान कराया जाएगा।

इसी क्रम में मुजफ्फरनगर जनपद में उत्तर प्रदेश बार काउंसिल सदस्य पद के प्रत्याशी शाहनवाज़ राना द्वारा मेरठ रोड स्थित फूड वैली में अधिवक्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने भाग लिया। बैठक का उद्देश्य आगामी मतदान, चुनावी प्रक्रिया और अधिवक्ताओं से जुड़े विषयों पर संवाद करना रहा। गुरुवार सुबह प्रत्याशी शाहनवाज़ राना ने कचहरी पहुंचकर अधिवक्ताओं से व्यक्तिगत संपर्क किया, इसके बाद बैठक में भाग लिया। बैठक के दौरान बार काउंसिल चुनाव की प्रेफरेंशियल वोटिंग प्रणाली पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिवक्ताओं को बताया गया कि चुनाव 25 सदस्य पदों के लिए होता है और प्रत्येक मतदाता अधिकतम 25 प्राथमिकता वोट डाल सकता है, जिससे वोट ट्रांसफर की प्रक्रिया सुचारु रहती है और मत व्यर्थ नहीं होता।
बैठक में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व, अधिवक्ताओं की कल्याणकारी योजनाओं, बीमा, पेंशन, नए अधिवक्ताओं के लिए मानदेय तथा एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। अधिवक्ताओं ने सक्रिय भागीदारी और एकजुट होकर मतदान करने पर जोर दिया। बैठक शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। अंत में सभी अधिवक्ताओं से मतदान के दिन अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की गई।





More Stories
पूर्व चेयरमैन मरहूम तारिक़ मुस्तफ़ा मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का ख़िताब पुरक़ाज़ी ने जीता
किसान इंटर कॉलेज में मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान, उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम से बढ़ाया विद्यालय का मान