मुजफ्फरनगर में उत्तर भारत की सबसे बड़ी श्री बालाजी शोभायात्रा का भव्य शुभारंभ, 24 घंटे शहर में गूंजेंगे जयकारे
जनपद मुजफ्फरनगर में उत्तर भारत की सबसे बड़ी श्री बालाजी शोभायात्रा का विधिवत पूजन-अर्चन के साथ भव्य शुभारंभ हुआ। यह शोभायात्रा नई मंडी क्षेत्र की भारतीय कॉलोनी स्थित श्री बालाजी धाम मंदिर से शुरू हुई, जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। शुभारंभ के बाद बालाजी महाराज स्वर्ण रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण के लिए निकले। यह भव्य यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी और लगभग 24 घंटे में पूर्ण होगी। यात्रा के दौरान “जय श्री बालाजी” के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा, वहीं श्रद्धालुओं द्वारा जगह-जगह पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल, जिलाधिकारी उमेश कुमार मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा सहित मंदिर समिति के पदाधिकारी एवं आयोजक मौजूद रहे। शुभारंभ के दौरान राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने स्वच्छता का संदेश देते हुए झाड़ू लगाई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया, जिसे स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता का प्रतीक बताया गया। जिलाधिकारी उमेश कुमार मिश्रा और एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने मंदिर पहुंचकर बाबा के दर्शन किए और भोग अर्पित किया। उन्होंने सभी जनपदवासियों को बालाजी जन्मोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए बताया कि शोभायात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए व्यापक प्रशासनिक व्यवस्थाएं की गई हैं। पूरे रूट पर पुलिस बल तैनात किया गया है तथा ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रखने के लिए रूट डायवर्जन लागू किया गया है। शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस अधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर रहे हैं। नई मंडी थाना क्षेत्र के साथ-साथ एसपी देहात भी पुलिस टीम के साथ व्यवस्थाओं पर पैनी नजर बनाए हुए हैं। भक्तों ने भजन-कीर्तन के साथ यात्रा में उत्साहपूर्वक भाग लिया और जगह-जगह भंडारे व स्वागत शिविर लगाए गए। पूरे शहर में धार्मिक उल्लास और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।




More Stories
सम्राट इंटर कॉलेज की कंप्यूटर लैब का भव्य उद्घाटन
ऑपरेशन सवेरा के तहत बड़ी कार्रवाई, 50 लाख की स्मैक के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार
पुरक़ाज़ी में शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई ईद-उल-फ़ितर की नमाज़, भाईचारे की बनी मिसाल