मुज़फ्फरनगर (गोपी सैनी)। किसानों और मज़दूरों से जुड़े ज्वलंत मुद्दों को लेकर जनपद मुज़फ्फरनगर सहित देशभर में सक्रिय संगठन भारतीय किसान मज़दूर सर्व समाज ने संघर्षरत संगठन भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) को अपना पूर्ण एवं बिना शर्त समर्थन देने की औपचारिक घोषणा की है।
यह महत्वपूर्ण बैठक भारतीय किसान मज़दूर सर्व समाज के कार्यालय पर आयोजित की गई, जहां संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी गय्यूर एवं उनकी टीम ने भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेंद्र मलिक का फूल-मालाओं एवं पगड़ी पहनाकर भव्य स्वागत किया। बैठक के दौरान किसानों-मज़दूरों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
भारतीय किसान मज़दूर सर्व समाज की ओर से जारी समर्थन में कहा गया कि संगठन किसानों और मज़दूरों के अधिकारों की रक्षा, बढ़ते प्रदूषण, पर्यावरण संरक्षण तथा जनहित से जुड़े विषयों पर भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) द्वारा लगातार उठाई जा रही सशक्त आवाज़ के साथ मजबूती से खड़ा है और आगे भी हर सकारात्मक एवं जनकल्याणकारी संघर्ष में सहयोग करता रहेगा।
इस अवसर पर राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेंद्र मलिक ने संगठन को मिले इस समर्थन का स्वागत करते हुए भारतीय किसान मज़दूर सर्व समाज का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से हाल ही में चल रहे आरडीएफ (RDF) के मुद्दे पर समर्थन देने के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि ऐसे सहयोग से किसानों के आंदोलन को नई ताकत मिलती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोनों संगठन आगे भी सभी जनहितकारी कार्यों में कंधे से कंधा मिलाकर चलेंगे।
वहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी गय्यूर ने स्पष्ट कहा कि उनका संगठन बिना किसी लालच और स्वार्थ के, पूरी निष्ठा के साथ भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) को समर्थन दे रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों-मज़दूरों के हक़, सम्मान और पर्यावरण संरक्षण के लिए जो भी संघर्ष होगा, उसमें भारतीय किसान मज़दूर सर्व समाज हमेशा अग्रिम पंक्ति में खड़ा रहेगा।
दोनों संगठनों की यह एकजुटता क्षेत्र के किसानों और मज़दूरों के लिए एक सकारात्मक संदेश मानी जा रही है, जिससे आने वाले समय में जनहित से जुड़े मुद्दों को और अधिक प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा।




More Stories
किसान इंटर कॉलेज में मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान, उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम से बढ़ाया विद्यालय का मान
गरीब पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग, एसडीएम से मिला भाकियू (तोमर) का प्रतिनिधिमंडल