April 18, 2026

HULCHUL INDIA 24X7

बेबाक खबर तेज असर

कस्बे में लाइट हुई गुल ग्रामीणो मे रोष

(रिपोर्ट: परमेंद्र) मेरठ।बहसुमा कस्बे के मंगल बाजार क्षेत्र में नगर पंचायत द्वारा लगाई गई स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से बंद पड़ी होने के कारण ग्रामीणों और व्यापारियों में भारी रोष व्याप्त है। बाजार क्षेत्र में अंधेरा छाए रहने से आमजन को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शाम ढलते ही बाजार में रोशनी का अभाव होने से दुकानदारों, ग्राहकों और राहगीरों को आवागमन में कठिनाई हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मंगल बाजार क्षेत्र बहसुमा का प्रमुख व्यापारिक केंद्र है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों ग्रामीण खरीदारी के लिए आते हैं। लाइटें बंद होने के कारण बाजार में अंधेरा पसरा रहता है, जिससे चोरी, छिनैती और अन्य आपराधिक घटनाओं की आशंका बनी रहती है। विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को इस अंधेरे में निकलने में भय महसूस होता है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार नगर पंचायत के अधिकारियों को लाइट खराब होने की सूचना दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का कहना है कि नगर पंचायत की उदासीनता के चलते समस्या दिन-प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है। बरसात और सर्दी के मौसम में अंधेरे के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। इस संबंध में स्थानीय निवासी रविंद्र कुमार, रोहित सिंह, कृपाल सिंह, बिजेंद्र सिंह सहित अन्य लोगों ने नाराजगी जताते हुए शीघ्र लाइटें चालू कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे नगर पंचायत कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मंगल बाजार क्षेत्र में बंद पड़ी सभी स्ट्रीट लाइटों की तत्काल मरम्मत कर उन्हें चालू कराया जाए, ताकि बाजार में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो सके और लोगों को राहत मिल सके। नगर पंचायत से जल्द कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है। नगर अध्यक्ष सचिन सुकड़ी ने बताया की लाइट का लिफ्टलेक्टर खराब हो जाने के कारण अंधेरा है कल सुबह ठीक करा दी जाएगी।

About The Author

error: Content is protected !!