उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को अचानक उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर पहुंचे। वे दिल्ली से सड़क मार्ग के जरिए देहरादून जा रहे थे, इसी दौरान कुछ समय के लिए मुजफ्फरनगर में रुके। इसके बाद मुख्यमंत्री पुलिस लाइन से हेलिकॉप्टर द्वारा देहरादून के लिए रवाना हो गए। उनका यह दौरा पूरी तरह संक्षिप्त और अनौपचारिक बताया गया।मुख्यमंत्री के मुजफ्फरनगर पुलिस लाइन पहुंचने पर उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल सहित कई भाजपा नेता, जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी उनके स्वागत के लिए मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन की ओर से भी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं।

इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मुजफ्फरनगर उत्तराखंड का पड़ोसी जिला है और राज्य स्थापना से जुड़ी कई ऐतिहासिक और भावनात्मक यादें इस स्थान से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने रामपुर तिराहा कांड का उल्लेख करते हुए कहा कि वे प्रत्येक वर्ष 2 अक्टूबर को उत्तराखंड आंदोलनकारियों और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं और उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। चारधाम यात्रा के दौरान मोबाइल बैन को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा का स्वरूप लगातार व्यापक होता जा रहा है। यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षित, सुगम और परेशानी मुक्त यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। वहीं प्रयागराज माघ मेले में शंकराचार्य और सरकार के बीच चल रहे विवाद पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह कोई राजनीतिक विषय नहीं है और इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार के प्रयासों से यह विवाद जल्द ही समाप्त हो जाएगा।





More Stories
मुजफ्फरनगर में बुर्कानशीं महिला ने चंद सेकेण्ड में साफ किया कीमती सूट
प्रो0 महादेव लाल श्रॉफ की जयंती पर राष्ट्रीय फार्मेसी शिक्षा दिवस/फार्मा अन्वेषण मनाया गया
हिरण्यकश्यप पर अभद्र टिप्पणी के विरोध में उपजिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन