March 15, 2026

HULCHUL INDIA 24X7

बेबाक खबर तेज असर

गौशाला रोड कैफे बना अनैतिक गतिविधियों का अड्डा, मोहल्लेवासियों ने युवक को दबोचा

जनपद मुजफ्फरनगर के नई मंडी कोतवाली क्षेत्र स्थित गौशाला रोड पर गुप्ता कैफे में बुधवार को उस समय हंगामा हो गया, जब मोहल्ले के लोगों ने नाबालिग छात्राओं के साथ युवकों को कथित रूप से आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हो गए। आक्रोशित मोहल्लेवासियों ने एक युवक को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी, जबकि दूसरा युवक लोगों को धक्का देता हुआ मौके से फरार हो गया। वहीं, नाबालिग छात्राएं अपना चेहरा ढकते हुए वहां से भागती नजर आईं। घटना की सूचना मिलते ही नई मंडी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मौके से एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा कैफे के कमरों की तलाशी लेने पर कुछ आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद होने की बात सामने आई है। इसके बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में व्यापारी नेता संजय मिश्रा ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि गुप्ता कैफे में लंबे समय से अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कई बार पुलिस से शिकायत भी की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। संजय मिश्रा का कहना है कि कैफे में घंटों के हिसाब से कमरे दिए जाते थे, जिससे अनैतिक कार्यों को बढ़ावा मिल रहा था। घटना के बाद मोहल्लेवासियों में भारी रोष है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गुप्ता कैफे को तत्काल बंद किया जाए और नाबालिगों को शामिल करने सहित अनैतिक गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

error: Content is protected !!