चरथावल में हिस्ट्रीशीटर वारंटी तमंचे संग गिरफ्तार,विदेश भेजने की ठगी के आरोपी की संपत्ति कुर्क
मुजफ्फरनगर जनपद की चरथावल पुलिस ने बुधवार को अलग-अलग कार्रवाई में हिस्ट्रीशीटर वारंटी को अवैध तमंचे व कारतूस के साथ गिरफ्तार किया, जबकि विदेश भेजने के नाम पर ठगी के आरोपी की न्यायालय के आदेश पर पुलिस फोर्स की मौजूदगी में संपत्ति कुर्क की। चरथावल थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यनारायण दहिया ने बताया कि उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ दधेडू क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। सूचना पर निरधना अड्डे से दधेडू की ओर बागीचे के पास कच्चे रास्ते से मुरसलीन उर्फ पम्पा पुत्र मुकीम निवासी निरधना को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में तमंचा व कारतूस बरामद हुआ। आरोपी पुराने आर्म्स एक्ट के मुकदमे में गैर-जमानती वारंट में वांछित था। उसके विरुद्ध 2013 से 2026 तक हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, गोवध व पशु क्रूरता अधिनियम समेत 21 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। वहीं, ग्राम दधेडू कलां निवासी शाहनवाज पुत्र मास्टर सुलेमान पर विदेश भेजने के नाम पर रुपये हड़पने और रकम वापस मांगने पर धमकी देने का आरोप है। फरमान त्यागी की तहरीर पर मुकदमा अपराध संख्या 165/25 दर्ज हुआ था। न्यायालय के कुर्की आदेश पर प्रभारी निरीक्षक सत्यनारायण दहिया के नेतृत्व में निरीक्षक अपराध नरेश सिंह, चौकी प्रभारी पुष्पेंद्र कुमार, महिला उपनिरीक्षक डोली समेत पुलिस फोर्स ने आरोपित की संपत्ति कुर्क की। कार्रवाई के दौरान मौके पर पुलिस बल तैनात रहा।




More Stories
29 सितम्बर को शहर में निकाली जाएगी भव्य वार्षिक रथयात्रा, शामिल होंगे कई प्रसिद्ध बैंड बाजे, भजन मंडली, ढोल पार्टी, झाकियां, जगह-जगह होगा स्वागत
मुजफ्फरनगर के पुरकाजी क्षेत्र में खेत में मिला ग्राम प्रधान पुत्र का शव, पुलिस जांच में जुटी