October 16, 2026

HULCHUL INDIA 24X7

बेबाक खबर तेज असर

वाराणसी: गंगापुर आंगनवाड़ी केंद्र पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कराई महिलाओं की गोद भराई

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने शुक्रवार को गंगापुर आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। सुपोषण अभियान के तहत राज्यपाल ने कार्तिकेय व बेबी को खीर खिलाकर अन्नप्राशन कराया। उन्हें पुष्टाहार व बर्तन बांटे। राज्यपाल ने मीरा देवी, गीता देवी व मनीषा देवी को फल, मिष्ठान, मेवा, अनाज की डलिया देते हुए गोद भराई की। राज्यपाल ने पंचायत भवन में बरगद का पौधा लगाकर पर्यावरण का संदेश दिया।
राज्यपाल ने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्व विद्यालय की ओर से विभिन्न ब्लॉकों के लगभग 15 आंगनबाड़ी केंद्रों को बच्चों की प्री स्कूलिंग के लिए फर्नीचर, खिलौने, व्हाइट बोर्ड, ट्राई साइकिल, घोड़ा, बर्तन आदि उपलब्ध कराए।गंगापुर में भ्रमण के दौरान राज्यपाल ने बच्चों को फल व मिष्ठान बांटे। केंद्र को खिलौने, बर्तन, फर्नीचर उपलब्ध कराएं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से बातचीत की।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने काशी विद्यापीठ ब्लाक के ग्राम सभा भीटी में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र के प्री स्कूल के बच्चों के लिए फर्नीचर, खिलौने, ह्वाइट बोर्ड भिजवाया। कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने शुक्रवार को सभी वस्तुएं आंगनबाड़ी कार्यकत्री संतोष देवी को दी।
रोहनिया ब्लॉक में विधायक सुरेंद्र नारायण सिंह ने गोदभराई की। पिंडरा ब्लॉक में विधायक अवधेश सिंह ने खीर खिलाकर अन्नप्राशन कराया। काशी विद्यापीठ ब्लॉक में कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने 14 बच्चों को पोषण पोटली दी। जिलाधिकारी कौशलराज शर्मा ने उत्तरी सिकरौल आंगनबाड़ी केंद्र में सामग्री और फर्नीचर उपलब्ध कराया। महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन कराया। नीति आयोग की ओर से आदर्श ब्लॉक सेवापुरी में सीडीओ मधुसूदन हुल्गी, सिरहिरा में एडीएम प्रशासन रणविजय सिंह आदि ने गोदभराई और अन्नप्राशन के तहत पोषण पोटली दी।
कुलाधिपति ने जांची विश्वविद्यालयों की प्रगति रिपोर्ट कुलाधिपति और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के पहले दिन बृहस्पतिवार को काशी विद्यापीठ की प्रगति रिपोर्ट जांची थी। इस दौरान महीनेभर की शैक्षणिक और गैर शैक्षणिक गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। इसके साथ ही आगामी महीने में होने वाले कार्यों, परीक्षाओं के बारे में और नए सत्र में प्रवेश के साथ ही शोध कार्यों की भी समीक्षा की।
बृहस्पतिवार को कुलाधिपति के सामने महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलपति ने महीनेभर की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसमें विकास कार्य, परीक्षा, प्रवेश, निर्माण कार्य, महिला अध्ययन केंद्र की गतिविधियों को शामिल किया गया है। कुलाधिपति ने नई शिक्षा नीति के अनुसार नए सत्र से न्यूनतम समान पाठ्यक्रम लागू करने, सत्र को नियमित करने, परीक्षाओं को शुचितापूर्ण कराने, समय से परीक्षा परिणाम जारी करने का निर्देश दिया। दोनों कुलपतियों ने बताया कि निर्माण कार्यों की निगरानी के लिए समिति गठित की गई और महिला अध्ययन केंद्र की ओर से गांवों में लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे है।

About The Author

You may have missed

error: Content is protected !!