April 19, 2026

HULCHUL INDIA 24X7

बेबाक खबर तेज असर

बहसूमा में मामूली विवाद ने ले लिया हिंसक रूप महिलाओं समेत कई घायल

मेरठ थाना बहसूमा क्षेत्र के ग्राम रहावती में दबंगों द्वारा एक परिवार को निशाना बनाए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित जयविन्द्र सिंह ने गांव के ही कई लोगों पर गाली-गलौच, मारपीट, जानलेवा हमला, तोड़फोड़ और गांव से बाहर निकालने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पीड़ित के अनुसार, 2 फरवरी की रात उनके घर के सामने स्थित रविदास मंदिर के पास कुछ लोग शराब पीकर अश्लील गालियां दे रहे थे। जब जयविन्द्र सिंह ने शांति बनाए रखने और देर रात होने की बात कहते हुए विरोध किया तो आरोपी उग्र हो गए। आरोप है कि रात करीब 11 बजे दर्जनों लोगों ने पीड़ित व उसके परिजनों के साथ गाली-गलौच करते हुए मारपीट की और पूरे परिवार को गांव से बाहर निकालने की धमकी दी।

पीड़ित द्वारा 112 और 100 नंबर पर कॉल किए जाने पर पुलिस सायरन सुनकर आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके अगले दिन 3 फरवरी की सुबह एक बार फिर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि कुछ महिलाएं हाथों में लाठी-डंडे लेकर पीड़ित के घर पहुंचीं और गाली-गलौच शुरू कर दी। इसके बाद बड़ी संख्या में पुरुष आरोपी भी लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर आ गए और पूरे परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान ईंट-पत्थर भी बरसाए गए, जिसमें पीड़ित की मां गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि अन्य परिजनों को भी गंभीर चोटें आई हैं। हमलावरों पर घर में जमकर तोड़फोड़ करने और दो मोटरसाइकिलों को क्षतिग्रस्त करने का भी आरोप है। पीड़ित का कहना है कि आरोपी लगातार परिवार को जान से मारने और गांव से मिटा देने की धमकी देते रहे। महिलाओं के साथ छेड़छाड़ किए जाने के भी आरोप लगाए गए हैं।पीड़ित ने बताया कि पूरी घटना मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड है और इसकी सूचना दोबारा 112 नंबर पर दी गई। फिलहाल पीड़ित परिवार दहशत में है और उसने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में थाना बहसूमा पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त हुई है, मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

error: Content is protected !!