मुजफ्फरनगर के नई मंडी थाना क्षेत्र में शनिवार रात पुलिस और गांजा तस्करों के बीच मुठभेड़
मुजफ्फरनगर के नई मंडी थाना क्षेत्र में शनिवार रात पुलिस और गांजा तस्करों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस ने पांच तस्करों को गिरफ्तार किया, जिनमें से दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि नई मंडी पुलिस टीम सिसोना रोड पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। सिसौना कट के पास एक छोटा हाथी और एक क्रेटा कार संदिग्ध अवस्था में आते दिखे। पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन वाहन सवारों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने खुद को घिरा देखकर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए गोलीबारी की। कुछ देर चली इस मुठभेड़ में दो बदमाश घायल हो गए, जबकि अन्य तीन आरोपियों को मौके से ही पकड़ लिया गया। सीओ के अनुसार, पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में अवैध गांजा, अवैध हथियार, एक छोटा हाथी और एक क्रेटा कार बरामद की है। शुरुआती जांच में पता चला है कि यह गिरोह लंबे समय से इलाके में मादक पदार्थों की सप्लाई कर रहा था और वाहनों का उपयोग कर विभिन्न स्थानों तक माल पहुंचाता था। घटना के बाद पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से उनके नेटवर्क, सप्लाई चेन और अन्य सहयोगियों के बारे में गहन पूछताछ कर रही है। सीओ ने बताया कि जनपद में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
More Stories
ब्लॉक में किसानों की समस्याओं पर मंथन,हर माह होगी बैठक
पावटी में पशु अस्पताल की व्यवस्था का मुद्दा उठा, पशु चिकित्सा शिविर में 128 पशुओं का उपचार
पूर्व चेयरमैन मरहूम तारिक़ मुस्तफ़ा मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का ख़िताब पुरक़ाज़ी ने जीता