August 10, 2026

HULCHUL INDIA 24X7

बेबाक खबर तेज असर

जनहित के संदेश के साथ हरिद्वार से कांवड़ लेकर मुबारिकपुर पहुंचे अनमोल मुबारिकपुरिया

मेरठ। भावनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मुबारिकपुर निवासी अनमोल मुबारिकपुरिया हरिद्वार से कांवड़ लेकर अपने गांव पहुंचे। इस बार उन्होंने अपनी कांवड़ यात्रा को धार्मिक आस्था के साथ-साथ जनहित से जुड़े मुद्दों को समर्पित किया।
अनमोल मुबारिकपुरिया ने सरकारी अस्पतालों में मरीजों और उनके तीमारदारों के लिए किफायती एवं स्वच्छ कैंटीन की व्यवस्था किए जाने की मांग उठाई। उनका कहना है कि जिस प्रकार संसद भवन में सांसदों और कर्मचारियों के लिए कैंटीन की सुविधा उपलब्ध है, उसी तरह गांव, तहसील और जिला स्तर के सरकारी अस्पतालों में भी ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए। इससे दूर-दराज से इलाज के लिए आने वाले गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को उचित दरों पर भोजन उपलब्ध हो सकेगा।
इसके अलावा उन्होंने स्कूलों में फीस व्यवस्था को पारदर्शी बनाने और मनमाने शुल्क पर रोक लगाने की मांग की। उनका कहना है कि अलग-अलग मदों के नाम पर अभिभावकों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ नहीं डाला जाना चाहिए। स्कूलों द्वारा फीस और अन्य शुल्कों की स्पष्ट जानकारी अभिभावकों को उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
हरिद्वार से कांवड़ यात्रा पूरी करने के बाद अनमोल मुबारिकपुरिया मुबारिकपुर स्थित स्वर्ग आश्रम पहुंचे। यहां आसपास के करीब 10 गांवों से कांवड़िए और श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने पहुंचते हैं। अनमोल ने भी विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक कर क्षेत्र में सुख-शांति और जनकल्याण की कामना की।
अनमोल मुबारिकपुरिया ने कहा कि उनकी कांवड़ यात्रा का उद्देश्य केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज और आमजन से जुड़े मुद्दों को भी सामने लाना है। उन्होंने कहा, “मेरी कांवड़ भगवान शिव के प्रति मेरी आस्था के साथ जनहित के लिए भी समर्पित है।”
उनकी इस पहल में धार्मिक आस्था के साथ जनसुविधाओं और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को उठाए जाने को लेकर क्षेत्र में चर्चा रही। शाहरुख सैफी की रिपोर्ट
हलचल इंडिया, मेरठ

About The Author

error: Content is protected !!